संदेश

ईडी टिड्डी तो आप क्या गोडावण ?

चित्र
राजस्थान का चुनावी परिदृश्य बहुत दिलचस्प हो गया है। जो वक्त प्रत्याशियों की घोषणा और उनकी हार -जीत पर अनुमान लगाने का था, वह  फुटेज ईडी खा गई है। हर ज़ुबां अब ईडी-ईडी बोल रही है। आचार संहिता के बीच ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय की ऐसी सक्रियता अभूतपूर्व है। चुनाव में एक महीना भी नहीं बचा है और दोनों पार्टियों के बीच ईडी ठस गई है। ऐसा पेपर लीक मामले की जांच के लिए किया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कह रहे हैं कि यह जांच दल नहीं बल्कि टिड्डी दल है जो खड़ी फसल चट कर जाता  है। पश्चिमी राजस्थान में मध्य पूर्व और पाकिस्तान के रास्ते से आने वाले टिड्डी दलों का आतंक है तब क्या अशोक गहलोत कोई गोडावण पक्षी है जो टिड्डियों का ही सफाया कर देता है? यूं गोडावण (ग्रेट इंडियन बस्टर्ड )राजस्थान का राज्य पक्षी है जो थोड़ा वज़नी होने की वजह से उड़ नहीं पाता लेकिन दौड़ता तेज़ है। फिलहाल ईडी हमले में  माफ़ कीजिये ईडी छापों से तो कांग्रेस एक दिखाई दे रही है। सचिन पायलट दिल्ली की प्रेस वार्ता में इसके समय को गलत बता रहे हैं। वैसे पेपर लीक मामले सरकार का विरोध करने वालों में सचिन पायलट ही आगे थे,स्थानीय भ...

इजराइल-हमास के बीच जनमानस , ’मेरे नाम पर' मत लड़ो ये जंग'

चित्र
 एक युद्ध वह था जिसे राम ने लड़ा था।  कोई दुविधा नहीं थी वहां । एक ही लक्ष्य बुराई और आतंक का ख़ात्मा।यह लड़ाई इतनी ईमानदार नहीं जितनी राम की रावण के विरुद्ध थी जो होती तो आज हमास जैसे  आतंकवादी संगठन का जड़ से खात्मा हो चुका होता। भगवान राम युद्ध जीतकर गद्दी विभीषण को सौंप आए थे। लंका में भी उनके जयकारे लग रहे थे। यहां  इरादे नेक नहीं है। लंका में तो लंका के लोग ही रावण के साथ नहीं थे क्योंकि वो अपने कृत्य में ईमानदार नहीं था। जंग ऐसी ही होनी चाहिए और जो ऐसी ना हो बेगुनाह बच्चों को मारे तब आम इंसान को सड़क पर आ जाना चाहिए। उनके विरोध में जो कहलाए तो आका जाते हैं लेकिन लड़ाई में एक पक्ष चुन लेते हैं अपनी सुविधा का। यहूदियों का एक हिस्सा तो आ चुका है इस अमानवीयता के खिलाफ सड़क पर कि मेरे नाम पर मानवता के यूं टुकड़े ना करो। अस्पताल पर मिसाइलें दागी जा रही हैं,दोनों और मासूम बच्चे मारे जा रहे हैं और ये नेता गले लग कर एक दूसरे की हौसला अफजाई कर रहे हैं। कोई युद्ध विराम की कोशिश नहीं कर रहा।  हैरानी और दुख की बात है कि अभी अस्सी साल भी नहीं बीते कि हिटलर के अत्याचार से पीड़ित...

'एक देश एक चुनाव' हाँ कि ना !

चित्र
 देश के पांच राज्यों में चुनाव निर्धारित हो चुके हैं। तारीख़ें भी घोषित हो चुकी हैं। अब फर्ज़ कीजिये कि इन राज्यों के मतदाताओं को यदि देश के लिए भी मतदान (अगर कुछ राज्य में होते भी हैं) करना पड़े तो क्या यह उन पर किसी तरह का अतिरिक्त बोझ होगा या यह बिल्कुल सहज होगा? देश, प्रदेश और फिर स्थानीय मुद्दे क्या गड्डमड्ड नहीं होंगे? या यह ठीक होगा कि देश के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए मतदाता अपने विधायक और पार्षद को भी चुन लें या फिर स्थानीय मुद्दों के हिसाब से देश के लिए अपने सांसद चुन लें? तीन तरह के प्रत्याशी एक साथ उनके दरवाज़ों पर आएंगे। यूं सभी आते भी कहाँ हैं फिर भी क्या यह हालात कोई दुविधा पैदा नहीं करेंगे? हाल ही में राजस्थान चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने जो अपने फैसले पर दोबारा विचार न किया होता तो उसका चकरघिन्नी होना तय ही था। तारीख़ बदलने का पूरे राजस्थान में स्वागत हो रहा है। पहले आयोग ने राजस्थान में चुनाव की तारीख़ 23 नवंबर घोषित की थी। यह तिथि बदलनी पड़ी क्योंकि उस दिन देवउठनी एकादशी है। राज्य भर में हज़ारों शादियां इस दिन होती हैं। इसे 'अबूझ सावा' माना जाता है यानी ब्याह श...

'सत्ता' महाठगिनी हम जानी

चित्र
पत्रकार का दायित्व आखिर क्या है ? सत्ता की चाटुकारिता या सत्ता से सवाल ? जब कोई सत्ता पांच साल पूरे कर रही हो और राज्य के तमाम संसाधन और शक्तियां उसके पास रही हों तब किसी भी पत्रकार को सवाल मुख्यमंत्रियों से करने चाहिए या विपक्ष से या फिर जनता को ही खरी खोटी सुना देनी चाहिए ?क्या पत्रकारों को नहीं पूछना चाहिए कि आपने अपनी शक्ति का इस्तेमाल जनता के हित में किया या बन्दर बांट में या फिर पूरी ताकत उन्हें बांटने में ही लगा दी? आपने राज्य के सुनहरे भविष्य की योजनाएं बनाईं या तात्कालिक लाभ देकर वोटर को लुभाने की कोशिश की ? सत्ता तो हमेशा चाहेगी कि आप विपक्ष से ही सवाल करो और जो जनता भी ना माने तो उनके घर भी ढहा दो ,सत्ता के गढ़ नहीं टूटने चाहिए। ऐसे  सवाल जब पत्रकार करता है तो आँख की किरकिरी बन जाता है। बड़ी सत्ता उसे बड़ा लेंस लगा कर देखने लगती है और देशद्रोही कहकर जेल में डाल देना चाहती है। हाल ही में वैकल्पिक मीडिया के न्यूज़ पोर्टल न्यूज़ क्लिक के संस्थापक  ,पत्रकार ,कार्टूनिस्ट,कॉमेडियन ,सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ यही हुआ । सरकार से अलग सोचना क्या देशद्रोही हो जाना है? पत्रकार,जनता...

राजस्थान,भाजपा-कांग्रेस कोई कम नहीं

चित्र
अब से एक महीने तक हम सब चुनावी बुख़ार में होंगे और पांच राज्यों में यह किसी बड़े समर से कम नहीं होगा। ऐसे में किसी क्विज या प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में राजनीतिक दलों से जुड़ा यह  सवाल आ जाए तो आपका जवाब क्या होगा ? सवाल -दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी में इन चुनावों को लेकर क्या रणनीति अपनाई है ? अ -किसी भी राज्य में पूर्व मुख्यमंत्रियों और मुख्यमंत्रियों को कोई महत्व नहीं देना  ब -संसद में धर्म विशेष के सांसद को अभद्र शब्द कहने वाले को नवाज़ा जाना  स-महिलाओं से जुड़े बड़े बिल को पास कराने के बावजूद उसे लागू करने की गारंटी देना  ? द -कह नहीं सकते, लेकिन सब सही लग रहे हैं  अब एक सवाल भारत की आज़ादी से जुड़े दल कांग्रेस के बारे में - अ -इसके नेता आपस में ही लड़ते रहते हैं ? ब -टीवी एंकरों का बहिष्कार कर देते हैं  स -पार्टी की नीतियों को लेकर भी दुविधा में रहते हैं  द -उपरोक्त सभी  मुस्कराहट नहीं जवाब चाहिए। आपसे भी और इन दलों से भी जो आनेवाले पांच सालों में हमारे प्रदेशों पर राज करने वाले हैं।मध्यप्रदेश,राजस्थान,छत्तीसगढ़,तेलंगाना और मिजोरम ...

राजस्थान : जनता की पैनी निगाह है चौपड़ के पासों पर

चित्र
जयपुर का खूबसूरत परकोटा विश्व विरासत की महत्वपूर्ण धरोहर है और इसी परकोटे में वास्तुकार विद्याधर जी की बनाई चौपड़ भी है। यहाँ का बाज़ार चौपड़ के डिज़ाइन-सा है, वही चौपड़ जिस पर पासे फेंक-फेंक  कर कौरवों और पाण्डवों ने  द्युत क्रीड़ा को अंजाम दिया था और उसके बाद फिर द्वापर युग की पूरी राजनीति बदल गई थी। यहाँ भी  चुनावी राजनीति का रंग राजधानी जयपुर से जमना शुरू हो गया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी ने एक के बाद एक चुनावी सभाएं की । इन दोनों के आने से जनता के बीच भले ही कोई बड़ी हलचल न हुई हो लेकिन दलों के भीतर भूचाल आ गया है। मोदी के मंच पर दो बार की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को बोलने का मौका नहीं मिला तो राहुल गांधी भी जाते-जाते बम फोड़ गए कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ तो हम जीत जाएंगे लेकिन राजस्थान में टक्कर कांटे की है। बेचारे अशोक गेहलोत जिन्होंने रेगिस्तान की धरती पर जितनी बारिश नहीं होती उतनी तो योजनाओं की बरसात कर दी है,केवल इतना ही कह पाए कि हम और मेहनत करेंगे। कोई बिरला नेता ही होगा जो सरे आम अपनी पार्टी के पीछे होने की बात कह जाए।  रवायत तो यही है घर...

इस बार के इवेंट में आधी आबादी है केंद्र में

चित्र
मूमल की मां रसोई में रोटी बेल रही थी कि मूमल के पिता ने तेज़ आवाज़ में कहा –"अरे सुनो महिला आरक्षण बिल पास होने वाला है। अब 33 फ़ीसदी महिलाएं लोकसभा और विधानसभा में आ जाएंगी। ये है असली मास्टर स्ट्रोक है भई, अब कुछ नहीं हो सकता इस विपक्ष का। " सुनकर मूमल की मां के चेहरे पर मुस्कान खिल गई थी। "यह तो कमाल हो गया... जो कोई न कर पाया वह इन्होंने कर दिया... इतने सालों में हम तो इसे भूल ही गए थे।" कहते-कहते मूमल की मां बेलन और मुस्कुराहट दोनों को  लिए बैठक में आ गई थी। "ज़्यादा खुश मत हो यह इस बार नहीं होने वाला। अभी जनगणना होगी , फिर नई सिरे से संसदीय क्षेत्र बनेंगे, 2029 में होगा यह सब।” मूमल के पिता जिन्हें वे शर्माजी कहती थीं, उन्होंने अपनी गर्दन को कुछ टेढ़ी  करते हुए कहा। इतना सुनना था कि मूमल की मां की खिली मुस्कान एकदम से सिकुड़ गई। "हे भगवान फिर किस लिए इतना तामझाम। क्यों नहीं की अब तक जनगणना, क्यों नहीं इतने सालों में इस पर विचार किया? 2029 तो बहुत दूर है और  किसने देखा है।"वह निराश स्वर में बोली थी।  मूमल की मां जैसा हाल कई महिलाओं का है।  उनकी ख़ुशी जै...