बेहतरीन है मुल्क
वाकई बेहतरीन है मुल्क। उतनी ही जितना अपना मुल्क। कुछ महीनों से लग रहा था जैसे मुल्क में कुछ अच्छा नहीं हो रहा है। जैसे कोई बुरी नज़र ,कोई बुरा साया ,कोई नर पिशाच धीरे-धीरे किसी ज़िंदगी को लीलता है , मुल्क पर भी कोई ऐसा ही संकट मालूम होता। कौन मानता है इस दौर में बुरी नज़र या काले साए को ,मैं भी नहीं लेकिन जब इलाज नामालूम हो तो मर्ज़ को ऐसे ही नाम दे दिए जाते हैं। बेचैनी यूं ही हावी होती रही कि ऐसा क्या फ़र्ज़ अदा हो कि मर्ज़ क़ाबू किया जा सके। जब मुल्क देखी तो लगा जैसे बेहतर सोचने वाले सृजनशील लोग भी हैं जो अपने सृजन से दिलों पर जमीं गर्द मिटा रहे हैं। खुद पर शर्म भी आई कि ऐसे कही जाती है बात। चुप पड़े रहना तो लकवा मार जाना है। अनुभव सिन्हा ने इस फिल्म के ज़रिये गहरा अनुभव सिद्ध किया है हालाँकि उनकी तुम बिन, रा-वन ,दस नहीं देखीं हैं। मुल्क दरअसल एक आवाज़ है जो देशभक्ति को परिभाषित करने की राह में देशगान करती हुई लगती है और आज के कटीले हालात की जड़ों...