छलकाते रहे सिंधु का जल जो उनकी आँखों में था
सभी दोस्तों को आज़ादी की वर्षगांठ बहुत-बहुत मुबारक। आज़ाद होने का एहसास जब सत्तर सालों बाद भी हमें यूं स्पंदित कर देता है तो कल्पना की जा सकती है कि उस दौर का आलम क्या रहा होगा। शायद उस दौर में विभाजन ने हमारी खुशियों में सुराख़ किया था। मैं उन परिवारों से ताल्लुक रखती हूँ जो मुल्क के विभाजन के बाद भारत आए। शरणार्थी परिवार। हमारे पुरखों के शब्दकोष में बस एक ही शब्द था संघर्ष। क्या स्त्री क्या पुरुष सबने इसी के आस-पास अपनी ज़िंदगी बुन ली थी। ज़िन्दगी बढ़ती रही लेकिन इस कौम को किसी के आगे हाथ फैलाना मंज़ूर नहीं था। कठोर परिश्रम से अपनी ज़िन्दगियों की सूरत बदलने की ज़िद उन्होंने हमेशा जारी रखी। जारी रखा अपने बच्चों को बेहतर ज़िंदगी देने का संकल्प। किसी से कोई अपेक्षा नहीं। सरकार को भी हमेशा झुक-झुक कर इसलिए धन्यवाद देते रहे कि उन्हें माँ भारती की गोद में शरण मिली। इसके अलावा कोई मांग इस समुदाय के भीतर मैंने तो नहीं देखी। क्या उनका अपमान ना हुआ होगा ? क्या उनकी संस...