चौकसे जी आप जो भी रहे परदे के सामने रहे
आदरणीय चौकसे जी के जाने के बाद मेरे लिखत पढ़त की दुनिया अब दो भागों में बंट गई है। पहले उनके साथ और अब उनके बाद। अब कोई इतनी साफगोई से मुझे नहीं बता सकेगा कि इस नए और भयावह युद्ध में रूस, यूक्रेन और भारत की भूमिका क्या और कैसे देखी जानी चाहिये। क्योंकर यूरोप और सशक्त देश आसुदाहाल होकर भी युद्ध को लेकर प्यासे हैं ? क्यों भारत में कोई ऐसे नेता नहीं जो खुलकर हिंसा का विरोध करे ? क्या वे भूल गए हैं कि हम बापू के देश से हैं ? बेशक ये जवाब चौकसे जी से मिलते और इस मासूमियत पर कौन न कुर्बान हो जाए कि वे फिल्म कॉलम लिखते थे। आज दैनिक भास्कर ने उनकी ख़ामोशी के बाद उन्हीं की लिखी एक चिट्ठी प्रकाशित की है जो उन्होंने छह साल पहले कैंसर से ग्रस्त होने के बाद एम डी सुधीर अग्रवाल जी को लिखी थी। चौकसे जी तो बड़े लेखक रहे ही। वे जीते जी इतना सोच सकते थे कि पाठक को उनके जाने के बाद भी नया मिल सके। भास्कर ने जरूर उनका खत छापकर अपने प्रयोगों की सूची में एक और बड़ा प्रयोग शामिल कर दिया है। एक घटन...