कोरोना काल में कलाकार तकलीफ़ में हैं चाहिए नरेगा जैसी योजना
"ऐसे भी मामले हैं जब कलाकार पैसों की कमी से ख़ुदकुशी कर लेते हैं। इस महामारी में नरेगा जैसी योजना उनके लिए भी संबल हो सकती हैं "-टी एम कृष्णा कर्नाटक संगीत शैली के बेहद प्रयोगधर्मी गायक कलाकार टी एम कृष्णा का यह कहना सही इसलिए भी मालूम होता है क्योंकि इस संवेदनशील कौम के पास केवल अपनी कला होती है जिसे वे जुनून की हद तक जीते हैं। तथ्य यह भी है कि इसे अभिव्यक्त करने के लिए हमेशा उन्हें एक प्लेटफॉर्म की ज़रूरत होती है। सामान्य भाषा में हम जिसे काम मिलना कहते हैं। अमिताभ बच्चन काम मिलते रहने के अच्छे हालात पर अक्सर शुक्रिया जताते नज़र आते हैं तो कभी कभार इसी काम को पाने के लिए नीना गुप्ता जैसी अच्छी कलाकार को भी इल्तजा करनी पड़ती है। काम का मिलना हर हाल में ज़रूरी है और अजीब इत्तेफ़ाक़ है कि यह अवसर कोई दूसरा ही मुहैया करता है। इस व्यवस्था की चाबी अक्सर पूंजीपति के हाथ ही होती है।आत्मनिर्भर होकर भी आत्मनिर्भर नहीं होते हैं आप । यही हिसाब मूर्ति...