और कितना तपोगे थार
शून्य से पचास डिग्री के बीच झूलते थार में इन दिनों मामला एकदम दूसरे छोर पर है। जयपुर भी पचास को छूकर अब भारी उमस की चपेट में है लेकिन थार की जुबां उफ़ जैसे शब्दों के लिए नहीं है । रंगीलो राजस्थान का कोई रंग फीका नहीं है। गर्मी से थर्राते थार का मानस जाने कैसे कूल बना रहता है लेकिन तुम और कितना तपोगे थार सोमवार की जेठ दोपहरी इस लिहाज से बहुत शानदार थी कि चलती सड़क के दोनों ओर से कुछ सेवाभावी युवा हाथ में शरबत और नीबू पानी लेकर आ खड़े हुए। तपती गर्मी में नीबू पानी एक ही सांस में भीतर उतर गया। इस राहत के भीतर जाते ही एक दुआ-सी बाहर आई। वाकई जयपुर में श्याम नगर से सिविल लाइंस तक इन छोटे-छोटे तंबूओं से उस दिन सुकून और राहत बांटी जा रही थी । यह निर्जला एकादशी का दिन था। माना जाता है की इस दिन सूखे कंठों को शीतल जल, शिकंजी शरबत पिलाकर पुण्य अर्जित किया जाता है। कितना सुन्दर फलसफा कि राहत पहुंचाओ पुण्य कमाओ। निर्जला एकादशी का संदर्भ जानने के लिए वैद्य हरिमोहन शर्मा जी को...