कोई है जो बापू की तरह यूसीसी को भी समझाए
महाभारत के जिस पात्र को लेकर किंवदंती है कि वह आज भी जीवित है और नदी किनारे घूमते हुए लहूलुहान अवस्था में दिखाई भी दे जाते हैं वह हैं द्रोणाचार्य का पुत्र अश्वत्थामा, लेकिन क्या वाकई केवल अश्वत्थामा के बारे में ऐसा कहा जा सकता है? धृतराष्ट्र के लिए नहीं? पुत्र मोह में समूचे युग को अंधे युग में बदल देने वाले धृतराष्ट्र तो जैसे कभी काल कवलित हुए ही नहीं। तब राजे-रजवाड़ों में ज़िंदा रहे तो अब राजनीतिक पार्टियों में जब-तब प्रकट हो जाते हैं। महाराष्ट्र के कद्दावर नेता बाल ठाकरे के बेहद करीब थे उनके भतीजे राज ठाकरे लेकिन शिवसेना की कमान मिली उनके पुत्र उद्धव ठाकरे को। अजित पवार भी चाचा शरद पवार के बहुत प्रिय और खास रहे लेकिन एक घड़ी ऐसी आई कि पार्टी की दावेदारी मिली बेटी सुप्रिया सुले को। सुप्रिया सुलझी हुई नेता हैं लेकिन महाराष्ट्र में उनकी पकड़ कोई खास नहीं है। अजित पवार महाराष्ट्र के बाहर पहचान नहीं रखते लेकिन महाराष्ट्र में उनकी साख रही है। अब जबकि वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को तोड़कर जा चुके हैं, साख तब भी बरक़रार रहेगी? इससे पहले उद्धव की शिवसेना से टूटकर एकनाथ शिंदे म...