आज 16 दिसंबर है
सामंजस्य उस घटना पर ही नहीं है जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था। दिल्ली सरकार निर्भया के नाबालिग अपराधी का पुनर्वास करना चाहती है और केंद्र उसे कैद में रखना चाहता है। आज 16 दिसंबर है, वो तारीख जिस रात निर्भया छह दरिंदों की हैवानियत का शिकार हुई थी। हर भारतवासी दहला हुआ था। दुष्कर्म जैसे अपराध के खिलाफ एक ज्वाला-सी धधक रही थी। ये वह समय था जब लगता था कि अब हर स्त्री का सम्मान सुरक्षित रहेगा। क्या स्त्री क्या पुरुष हरेक मोमबत्तियों की लौ में इस कुत्सित प्रवृत्ति को जलते हुए देख रहा था। मानना था कि ऐसे अपराधों पर यहीं विराम लग जाना चाहिए। संभावना से भरपूर निर्भया फिजियो थेरेपिस्ट बनने वाली थी। वह माता-पिता के सपनों को साकार कर देना चाहती थी। दिल्ली में एक एअरपोर्ट श्रमिक की यह बेटी परिवार की उम्मीद थी लेकिन उस रात एक बस में उसके मित्र के सामने दरिंदों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे इस कदर घायल कर दिया कि तेरहवें दिन सिंगापुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह हत्या थी जिसके बारे में उसके अपराधी ने कहा था कि अगर वह विरोध नहीं करती तो नहीं मरती। ...