असम सरकार ने क्यों मचाया है हाहाकार
एक समय था जब असम से पूरे देश में संगीत की स्वर लहरियां आती थी। लोहित के किनारों से गूंजती हुई वो मधुर आवाज़ सबको भावविभोर कर देती, बहती नदियों का सुर खुद ब खुद चला आता। फिर कवि की कविता में बुना सवाल आता कि ओ गंगा तुम बहती हो क्यों। भूपेन हजारिका की आवाज़ ने जैसे हर हिंदुस्तानी को सम्मोहित कर दिया था। फिर एक दिन वह आवाज़ सो गई। आवाज़ क्या सोई असम से आते हुए सुर भी पहले शोर और फिर दर्द में बदलने लगे। घृणित सियासी बयानों का अड्डा हो गया यह कोमल प्रदेश। कभी आबादी को खोजो, उसे गिनो और भगाओ के बयान तो कभी उनके लिए तैयार हो गए डिटेंशन कैंपों का ब्योरा । इन दिनों असम से जो सुनाई दे रहा है वह वहां के लोगों की सिसकियां और चीत्कार हैं। जिन लड़कियों की शादी कानूनी उम्र से पहले हो गई ऐसे बाल विवाह असम में पुलिसिया धरपकड़ का कारण बन गए हैं। अब तक ढाई हज़ार से ज़्यादा गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुजारी, मौलवी, पादरी सब पर शिकंजा है। सबसे ख़राब हालत कम उम्र में ब्याही गई लड़कियों के पिता और पति की हैं। कई जेल में हैं और कइयों पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी है। य...