किताबों के लिए हमारे हृदय में पूजा भाव है। सर माथे लगाते हैं हम उन्हें। कभी गलती से पैर भी लग जाए तो पेशानी से लगा लेते हैं, जैसे माफी मांग रहे हों। क्यों न हो रामायण, कुरान शरीफ, बाइबल और गुरुग्रंथ साहब, सभी किताबें ही तो हैं। लिखे शब्दों का हम सभी एहतराम करते हैं ,पूजते हैं। इन ग्रंथों को बड़ी पवित्रता के साथ शुद्ध कपड़ों में लपेटकर रखने वाले हम सभी ने देखे हैं। जाहिर है हम किताबों को इज्जत देने वाला समाज हैं। यहां से चलकर किताबें किस होड़ में शामिल हो गई हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। एक पूरा मार्केट है जो लेखक और लेखन की पैकेजिंग करता है। कुछ ऐसे भी हैं जो बहुत कम दाम में ज्यादा किताबें पढ़ाने का बीड़ा उठाए हुए हैं। कुछ ऐसे भी लेखक हैं, जिन्हें लगता है अगर दो साल में एक किताब ना निकली तो व्यर्थ है जिंदगी, फिर चाहे उस किताब से जिंदगी के तत्व कोसों गायब हों। खैर, इस चिंता में ना पड़ते हुए पिछले दिनों जिस किताब से नजरें मिली उसका जिक्र। किताब की दुकान किसी हीरों की दुकान-सी लगती है। हीरे तिजोरी के अंधेरे को रोशन कर देते हैं तो नई किताब दिमाग के अंध...