रोहिंग्या, फौजी निज़ाम ने छीन लिया था वजूद

वह  लड़का भारत के ही एक बड़े शहर में मिला था। वह एक रेस्त्रां था जहां पानी मांगने पर बोतलें पकड़ा दी गईं थीं। हमने कहा बोतल का नहीं चाहिए,वह पानी दें जो आप पीते हैं । वह बोला हमारी पॉलिसी  यही पानी देने की है। हमने कहा मैनेजर को बुलाओ। मैनेजर ने भी पानी देने में आनाकानी की। आख़िरकार पानी मिला। उसके बाद एक  लड़का जो वहां काम करता  था,पास आया।  उसने कहा- "मुझे आपका यह रवैया अच्छा लगा।" हमने पूछा -"क्या ये लड़ने वाला रवैया।" वैसे आप कहां से हो और क्या नाम है। उसने कहा म्यांमार, नाम सुना है आपने? मैं वहीं  से आया हूं और यहां रह कर काम के साथ अपनी पढाई भी पूरी कर रहा हूं जो 2017 के बाद छूट गई थी। हमने कहा आपके देश का नाम भी सुना है और आपकी नेता आंग सान सू की का नाम भी ख़ूब सुना है। अख़बार में उनके संघर्ष को पढ़ते हुए ही हम बड़े हुए हैं। आज जब इस मुलाक़ात के एक  साल बाद जब अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय (इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ़ जस्टिस )का वह फ़ैसला आया कि 2017 में उत्तरी रखइन जो मूलतः अरकान था  और  रोहिंग्याओं का मूल निवास था, वहां म्यांमार की फ़ौज ने नरसंहार किया था तब उस लड़के की फिर याद आई। तब ना केवल लाखों रोहिंग्याओं को मारा गया बल्कि लाखों को उनकी ज़मीन से भी बेदख़ल किया गया। उन्हें लूटा गया ,घर जलाए गए ,महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ। 



साल 2017 में तो यह भयावह मंज़र दुनिया की सुर्ख़ियों में आया जबकि उत्पीड़न का यह सिलसिला बर्मा (आज म्यांमार )की आज़ादी  के साल 1949 के बाद से ही शुरू हो गया था। अफ़सोस कि हम भारतियों ने भी रोहिंग्या शराणार्थियों कि तकलीफ़ को केवल इस तरह देखा कि ये वहां के अल्पसंख्यक मुसलमान है जो हमारे देश में घुस कर, हमारे ही सामने चुनौती पेश कर देंगे। हम भूल गए कि ये सताए गए लोग हैं, वैसे ही जैसे कभी यहूदी सताए गए थे, फिर तिब्बती और भारत में पंजाबी और सिंधी भी तो बंटवारे के बाद रातों-रात शरणार्थी बन गए थे। हम इस दुःख से वाकिफ थे कि कैसा महसूस होता है जब आंखों के सामने उनके अपने मार दिए जाते हैं। बावजूद  रोहिंग्याओं की पीड़ा को नज़रअंदाज़ किया। वे जान बचाने के लिए मारे -मारे फिरते हुए, बीहड़ों में रास्ते बनाते हुए किसी तरह बांग्लादेश पहुंचे लेकिन वहां से भी उन्हें तिरस्कार ही मिला।  ख़ुशक़िस्मत थे वे जिन्हें वहां के शरणार्थी शिविरों में जगह मिली लेकिन आंखें भी राहत सामग्री के लिए तरस जाती थीं। इन शिविरों में 40 फ़ीसदी बच्चे थे,जिनकी उम्र 12 से कम थी। 


 भारत जो हमेशा दुनिया के सामने उदारता और मानवता के लिए पहचाना जाने वाला देश है, चूक कर गया। ये कोई नया चेहरा ओढ़ लिया था हमने। शुक्र है कि अंतर्राष्ट्रीय  न्यायालय के जजों ने आपना चेहरा खुला रखा और इस ऐतिहासिक फैसले को लिखा कि म्यांमार में नरसंहार हुआ था और शासन को चाहिए कि दोषियों पर कार्रवाई करे और रोहिंग्याओं की वापसी सुनिश्चित करे। पंद्रह में से नौ जज ने पक्ष में लिखा। यह पहली बार है कि दुनिया की सर्वोच्च अदालत ने किसी देश को नरसंहार के लिए ज़िम्मेदार ठहराया है । ऐसा करने वाले देश अक्सर आतंकवाद से मुकाबले की आड़ में अपने मंसूबों को अंजाम देते हैं और बचना चाहते हैं। म्यांमार की  फ़ौजी सत्ता ने  शायद होलोकास्ट के बाद सबसे भयावह नरसंहार किया था। यह सुखद है कि अपनी आज़ादी से नौ महीने पहले ही भारत ने पनामा और क्यूबा के साथ मिलकर संयुक्त राष्ट्र संघ को लिखा था कि नरसंहार को अंतर्राष्ट्रीय अपराध घोषित किया जाए और इसके दंड तय करने के लिए दुनिया आपसी सहयोग और विचार-विमर्श करे। आज 80 साल साल बाद उसी का नतीजा दुनिया के सामने आया है। इसके दूरगामी नतीजे मिलेंगे और अब नफ़रत से उपजी कार्रवाइयों को नैतिक जामा पहनना मुश्किल होगा। हम जानते हैं दुनिया  के बड़े मुल्क भी किस क़दर इस काम में लिप्त हैं। किसी से घृणा करते हुए उसे नुक़सान पहुंचना और आतंकवाद से मुक़ाबले में बड़ा अंतर होता है। 

फैसले से दुनिया के कुछ तो देश सकते में हैं। उनसे ना स्वागत करते बन रहा है ना आलोचना करते। स्वयं आन सांग सू की  जो नोबल शांति पुरस्कार विजेता भी हैं, उन्होंने भी पश्चिम अफ्रीकी देश गैम्बिया द्वारा दायर इस मुक़दमे में अपना बयान दर्ज़ कराया था। दिसंबर 2019 को  हेग में उन्होंने म्यांमार शासन का ही पक्ष लिया था। उन्होंने कहा था कि बेशक लाखों लोगों को बेघर होना पड़ा लेकिन यह नरसंहार नहीं था। म्यांमार (बर्मा) को अंग्रेजों से आजाद कराने वाले आंग सान की बेटी सू जो देश को सैनिक शासन से मुक्त करा, लोकतंत्र के बीज रोपना चाहती हैं, उनके इस कथन के बाद भी फ़ैसला नरसंहार का ही रहा क्योंकि कोर्ट के संज्ञान में प्रमाण थे। वे हज़ारों दस्तावेज़ जिसमें रोहिंग्याओं की सिसकियां और हत्याओं की दास्तानें थी। 

एक समय रोहिंग्या वह समुदाय था जहां  से ज़ुरा बेग़म 1951 में बर्मा की पहली सांसद बनती हैं,सुल्तान अहमद 1947 में संविधान सभा के सदस्य चुने जाते हैं । वे जज ,डॉक्टर, सरकारी और पुलिस अधिकारी और शिक्षक होते हैं । फिर 1962 में सेना, तख़्ता पलट देती है। सैनिक सरकार  इनकी पहचान छीनने का काम करती है। उन्हें  बांग्लादेश से आए विदेशी कहती है। उनके इतिहास को नकार दिया जाता है और पहचान -पत्रों को ज़ब्त कर लिया जाता है । उच्च शिक्षा से अलग किया जाने का सिलसिला भी शुरू हो जाता है। 1978 में ऑपरेशन नागमीन ने दो लाख रोहिंग्या को बांग्लादेश भागने के लिए मजबूर किया था। 1982 में नया नागरिकता क़ानून आया और फिर इनकी पहचान छिनती  गई।  उन्हें भगाने का उपक्रम लगातार तीन बार हुआ जो 2017 में भयावह नरसंहार में बदल गया। 

फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया में उस रोहिंग्या युवा ने फ़ोन पर बताया कि हम सबको कोर्ट के फैसले का इंतज़ार था। यकीन फिर कायम हुआ है। हम सिर्फ़ अपनी पहचान और सम्मान वापस चाहते हैं। हम कतई आंतक के साथ नहीं हैं। हम आम रोहिंग्या हैं, हमें कब तक बिना किसी अपराध के यूं शक की बुनियाद पर मौत के घाट उतारा जाता रहेगा। वह कहता है -"मैं साल 2017 में नवीं कक्षा में पढ़ता था। बहुत से सपने थे लेकिन 2017 की हिंसा ने सब तबाह कर दिया। बेगुनाह लोग आंखों के सामने मरते हुए देखे। बावजूद हमने देश नहीं छोड़ा लेकिन 2024 में मुझे भी अकारण गिरफ़्तार करने की कोशिश हुई। बचने के लिए मैं अकेला भारत आ गया क्योंकि मुझे लगता है कि यह आज़ाद और बेहतर भविष्य का देश है।अब हम पूरी गरिमा ,बराबरी और पूरी नागरिकता के साथ एक बार फिर अपने देश म्यांमार लौटना चाहते हैं। "

कभी इनकी नेता सू की  ने 'एक आजाद पंछी'कविता लिखी थी 




 एक आज़ाद पंछी 

जो अभी-अभी आजाद हुआ है

कैद से

अब उड़ रहा है
अपनी प्रिय जगह के लिए
जैतून की डाली के साथ
आजाद पंछी 

आजाद बर्मा की ओर।

मुझे क्यों लडऩा पड़ रहा है?

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सौ रुपये में nude pose

वंदे मातरम्-यानी मां, तुझे सलाम

बंदिनी की कविता और बिंदासी का आतंक