भूटान : मिर्च खाने वाले देश की कैसी है ज़ुबां और फ़िज़ा
कमाल का देश है भूटान। ख़ूब मिर्च खाता है और अपनी राष्ट्रीय डिश भी मिर्च की 'इमा दात्शी' को ही बना रखा है। इतना तीखा खाने के बावजूद हर भूटानी की ज़ुबां पर बात केवल अमन और शांति की होती है। भाषा (ज़ोन्खा )इस कदर मीठी और विनम्र कि यक़ीन नहीं होता कि इस ज़ुबां को इस क़दर तीखा पसंद है। 'इमा दात्शी' के बिना भूटानियों की पाक कला अधूरी है? इमा यानी मिर्च और दात्शी यानी चीज़। शायद यह चीज़ ही है जो मिर्च के तीखेपन को हर लेती है। भूटान के हर रेस्त्रां और रसोई में यह है और है वहां के राजा -रानी और उनके तीन बच्चों की तस्वीर।
यहां के बच्चे-बच्चे को अपने राजा के बारे में पता है और बड़ों के पास तो इस सवाल के लंबे-लंबे जवाब हैं कि क्या हुआ जो राजे-रजवाड़ों के दिन लद चुके। आप हैरान होते हैं क्योंकि आपके देश में राजसी निज़ाम का दौर बीत गया और देश का मुखिया कोई जन्म से नहीं होता बल्कि आप चुनते हैं। फिर भी आम भूटानवासी ख़ुश है क्योंकि यहाँ सकल घरेलू उत्पाद या जीडीपी नहीं, खुशियां नापी जाती हैं । ख़ुद को दो परमाणु संपन्न देशों चीन और भारत से घिरा होने के बावजूद बुद्ध का यह देश मानता हैं कि भारत में पूरी क्षमता है कि वह दुनिया को शांति के रास्ते पर ला सके।
देश घूमने पर लगता है कि सैर सपाटा तो है ही पर कुछ ऐसा भी है जो अपने भीतर की शांति से रूबरू कराता है। क़दम-क़दम पर घूमते प्रार्थना चक्र जो आध्यात्मिक तिब्बत परंपरा के वाहक भी हैं और ऊंचे पर्वतों पर बने बौद्ध मठ जो हज़ारों साल पहले इंसानी जीवटता की कहानी कहते हैं। पारो घाटी की टाइगर नेस्ट पहाड़ी इसी का प्रतीक है। नेपाली,तिब्बती और भूटानी शैली में बने सुन्दर स्तूप,बौद्ध मठ और विहारों में शिक्षा हासिल करते नन्हें बौद्ध भिक्षुक, इस देश को दुनिया से बिलकुल अनूठा साबित कर देते हैं। दिन के किसी पहर में जब वे ज़ोर-ज़ोर से अपने पाठ और मन्त्रों को पढ़ते हैं तो नीरव शांति में जैसे ज़िन्दगी दौड़ जाती है। इन छात्रों का हर समय, नियम और कायदों में बंधा है।
वैसे भी ज्ञान का रास्ता कब आसान हुआ है। यूं भूटानी समाज भी जागरूक मालूम होता है। इंसान- इंसान में कोई भेद नहीं । रोटी-बेटी के रिश्ते सबके बीच हो सकते हैं। स्त्री-पुरुष बराबर हैं। अपनी पसंद से शादी कर सकते हैं और अलग भी हो सकते हैं। बेटी का माता-पिता की मिलकियत पर पूरा हक़ है। पति चाहे तो घर जमाई भी हो सकता है। एक से ज़्यादा विवाह भी जायज़ हैं। बहुत कम आबादी (आठ लाख ) होने से रॉयल सरकार ने तीसरे बच्चे की पैदाइश पर तीन साल तक दस हज़ार रूपए हर महीने, परिवार को देने की प्रोत्साहन नीति भी इस साल से लागू की है। सरकार चाहती है कि भूटान का समाज पारिवारिक और मैत्रीपूर्ण समाज हो।
भूटान के लिए ज़रूरी जीडीपी नहीं बल्कि जी एन एच यानी ग्रॉस नेशनल हैप्पीनेस है। जनता की शिक्षा और स्वास्थ्य की ज़िम्मेदारी सरकार की है। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भारत भी जाना पड़े तो खर्च सरकार उठाती है। इससे पहले भी उसकी कोशिश होती है कि वातावरण और व्यक्ति को ऐसे रखा जाए कि वह लंबा और स्वस्थ जीवन जिए। भूटान की रॉयल सरकार ने 2008 में ही लोकतंत्र का तोहफ़ा भी अपने नागरिकों को दिया है। वर्तमान पांचवें राजा का निवास ,नेशनल कौंसिल ,असेंबली और सुप्रीम कोर्ट की इमारतों के बेहद पास है। सभी सरकारी भवनों की छत लाल और गैर सरकारी भवनों की हरे रंग की है। ऊंचे शिखरों से राजधानी थिम्पू की यह घाटी लाल-हरे रंगों से सुंदर दिखाई देती है। भवनों की साज सज्जा बेहद कलात्मक और रंग-बिरंगे ध्वजों से जीवंत मालूम होती है। एक भवन कई कई रंगो से सजा होता है जैसे बौद्ध मठों के रंग यहां भी खिलाने की कोशिश हो।
लैंड ऑफ़ थंडर ड्रैगन, भूटान और भारत आपस में मैत्री और विश्वास में बंधे हैं और ऐसा अंग्रेज़ों के समय से जारी है। यह संधि पहले 1949 में हुई थी। बाद में एक नई संधि पर 2007 में भारत के तत्कालीन विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी और राजा ने दोबारा हस्ताक्षर किए जिसके तहत दोनों के बीच व्यपार मुक्त है और भूटान भारत से सुरक्षा का वादा लेता है। चीन से कोई खास रिश्ते नहीं हैं। भूटान भारत को ताक़तवर और बड़े देश की तरह देखता है और भारत में जन्में गुरु रिंपोचे (द्वितीय बुद्ध )की आराधना करता है। वे मानते हैं कि बुद्ध को जिस देश में ज्ञान प्राप्त (बोध गया)हुआ, वह देश दुनिया में कहीं भी शांति लाने की पूरी क्षमता रखता है। भूटान नाम भी संस्कृत से आया जिसका अर्थ है ऊंचे पहाड़ वाला भू भाग। केरल से भी छोटा यह देश आख़िर कैसे इतना खुश और शांत है ?
![]() |
| Bhutan : entrance gate |
जयगांव भारत-भूटान सीमा का आखिरी भारतीय गांव है। सिलीगुड़ी से जयगांव 150 किलोमीटर है। सिलीगुड़ी हवाई और रेलमार्ग से जुड़ा है। जयगांव से आप पैदल भूटान के शहर में फुण्डशिलिंग में दाख़िल हो जाते हैं। जयगांव किसी बड़े बाजार -सा लगता है। भूटान वासी बड़े आराम से यहां आकर ख़रीदारी करते हैं। सैकड़ों भारतीय काम के लिए रोज़ सुबह सीमा पार कर जाते हैं और शाम को लौट आते हैं । पर्यटकों को प्रतिदिन बारह सौ रूपए टैक्स देना होता है। गैर भारतियों के लिए यह राशि 100 डॉलर है। यहां से राजधानी थिम्पू लगभग 150 किलोमीटर है। रास्ते में कोई गाड़ी का हॉर्न नहीं बजता ,कोई ट्रैफिक सिग्नल नहीं होता,ज़ेब्रा लाइन पर वाहन पैदल यात्रियों के लिए रुक जाते हैं और वातावरण इस कदर साफ़ कि कार्बन उत्सर्जन माइनस में होता है।
हां, एक गाइड लेना ज़रूरी है जिसकी फ़ीस तीन हज़ार रूपए प्रतिदिन होती है। मुद्रा बदलने की कोई ज़रूरत नहीं पड़ती, भारतीय नोट दौड़ते हैं। एक भूटानी मुद्रा एक रूपए के ही बराबर होती हैं। भारत के जयगांव और हासीमारा तक भी बड़ी ख़ुशी- ख़ुशी भूटानी मुद्रा ले ली जाती है। सीमा पार करने के लिए भारतीय वोटर आईडी या पासपोर्ट होना ज़रूरी है। हवाई रास्ते से भी भूटान जाया जा सकता है। एकमात्र हवाई अड्डा पारो में है जिसे दुनिया का सबसे चुनौती पूर्ण बताया जाता है क्योंकि इसका रनवे छोटा है।
भूटान ख़ुश देश है और उसकी जीडीपी भी लगातार बढ़ रही है। इसका अतीत भी गृहयुद्ध और वर्चस्व की लड़ाई में लिप्त रहा है। अंग्रेज़ यहाँ राज नहीं कर सके जिसके बारे में हमारे गाइड रिनचेन का कहना था कि वे यहां कब्ज़ा नहीं कर सके क्योंकि हमारे लड़ाकों ने ऊंचे पहाड़ों से तीर और भालों से हमला कर उनके इरादों को नाकाम कर दिया। गाइड ने बताया कि भूटानियों को पान बहुत पसंद है। ताज़े पान के पत्तों पर हल्के चूने और ज़्यादा सुपारी के साथ सब इसे खाते हैं । इतिहास में जब गौरे यहां के राजा से मिलने आए तो उन्होंने उन पर पान थूक दिया था और वे भगा दिए गए।
भूटान ने हाल ही में जब अपना संविधान बनाया तो उसमें अच्छी सरकार के साथ-साथ आर्थिक सामाजिक विकास,सांस्कृतिक और पर्यावरण सरंक्षण पर भरपूर ज़ोर दिया। जो जीडीपी 2024 में साढ़े सात फ़ीसदी थी 2025 में आठ फीसदी से ज़्यादा हो गई। इसके ऊंचे ग्लेशियर हाइड्रोइलेक्ट्रिसिटी से भरपूर बिजली पैदा कर रहे हैं और भूटान का लक्ष्य है कि अगले पांच सालों में वह अपने सभी वाहन बिजली से चलाएगा। अर्थव्यवस्था का 30 फीसदी पर्यटन और 14 कृषि से आता है। इस बेदाग़ देश में जो खटका वो यह कि मठों और मंदिरों में प्रवेश पर भी टिकट है। कोई सिनेमा हॉल भी नहीं। भारत की आबो-हवा ना सही आज़ादी को आप मिस करते हो। वहां रहने वालों के लिए भूटानी भाषा और भूषा ज़रूरी है। यूं भूटान लौटने के बाद ख़ूब मिस किये जाने वाला देश है क्योंकि पारो की एक रेस्त्रां संचालिका मिर्च का ज़िक्र छिड़ते ही अपने हाथ से कुटी हुई गहरी लाल मिर्च आपको सौगात में दे देती हैं। भूटानी भाषा में धन्यवाद को 'कट्रीन चे' कहते हैं जो नमक वाली मक्खन चाय के लिए भी हो सकता है।







टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें