भूटान : मिर्च खाने वाले देश की कैसी है ज़ुबां और फ़िज़ा
कमाल का देश है भूटान। ख़ूब मिर्च खाता है और अपनी राष्ट्रीय डिश भी मिर्च की 'इमा दात्शी' को ही बना रखा है। इतना तीखा खाने के बावजूद हर भूटानी की ज़ुबां पर बात केवल अमन और शांति की होती है। भाषा (ज़ोन्खा )इस कदर मीठी और विनम्र कि यक़ीन नहीं होता कि इस ज़ुबां को इस क़दर तीखा पसंद है। 'इमा दात्शी' के बिना भूटानियों की पाक कला अधूरी है? इमा यानी मिर्च और दात्शी यानी चीज़। शायद यह चीज़ ही है जो मिर्च के तीखेपन को हर लेती है। भूटान के हर रेस्त्रां और रसोई में यह है और है वहां के राजा -रानी और उनके तीन बच्चों की तस्वीर। यहां के बच्चे-बच्चे को अपने राजा के बारे में पता है और बड़ों के पास तो इस सवाल के लंबे-लंबे जवाब हैं कि क्या हुआ जो राजे-रजवाड़ों के दिन लद चुके। आप हैरान होते हैं क्योंकि आपके देश में राजसी निज़ाम का दौर बीत गया और देश का मुखिया कोई जन्म से नहीं होता बल्कि आप चुनते हैं । फिर भी आम भूटानवासी ख़ुश है क्योंकि यहाँ सकल घरेलू उत्पाद या जीडीपी नहीं, खुशियां नापी जाती हैं । ख़ुद को दो परमाणु संपन्न देशों चीन और भारत से घिरा होने के बावजूद...