गाली गलौज और बलात्कार जैसी घृणित टिप्पणियों का सोशल मीडिया


जिस तरह से महिला पत्रकारों , सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिज्ञों को गालियां दी जा रही है ,लिंग की तस्वीरें भेजी जा रही हैं और उनकी देह की नापतौल की जा रही है वह भीतर तक घृणा और जुगुप्सा से भर देता है। मुद्दों पर बोलने में तो इनकी  ज़ुबां तालू में धंस जाती है लेकिन सोशल मीडिया पर अपशब्द लिखने ,फोटोशॉप से उनकी नग्न तस्वीर बनाकर भेजने, उनके नामों को कॉल गर्ल की लिस्ट में जोड़ने की क़वायद में वे एक दूसरे को जबरदस्त टक्कर दे रहे हैं।  क्या ये लोग एक बार भी नहीं सोच पाते होंगे कि हम उनके दिमाग से की गयी बातों का जवाब उनकी देह पर टीका टिप्पणी से दे रहे हैं। पत्रकार राना अय्यूब  का चेहरा एक पोर्न एक्ट्रेस से रिप्लेस कर चलाया जाता है। पत्रकार सागरिका घोष भी ऐसे ही ट्रोल होती हैं। बरखा दत्त ज़रूर ऐसे लोगों को एक्सपोज़ करने में लगी हैं।

बहुत संभव है कि आप पत्रकार बरखा दत्त की कश्मीरियों के प्रति उदारता से इत्तेफ़ाक़ ना रखते हों, कुछ और मसलों  पर भी आपकी नाराज़गी हो लेकिन बदले में तर्क रखने की बजाय आप तो जैसे बदले पर उतर आते हैं। यही तो कहा था उन्होंने कि इस संकटकाल में कश्मीरियों के लिए मेरे दरवाज़े खुले हैं। जवाब में उन्हें गोली मारने और बलात्कार  की धमकी दी गई। उन्हें अश्लील तस्वीरें भेजी गईं और जब बरखा दत्त ने इन आपराधिक किस्म  के सन्देश भेजने वालों के नाम और नंबर ट्विटर  पर साझा किये तो उलटे उन्हीं का अकॉउंट 12 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। पत्रकार अभिसार (उन्होंने पुलिस में शिकायत भी की) रवीश कुमार सबके साथ यह हो रहा है लेकिन महिलाओं की सेक्सुलिटी पर हमला होता है तो सीधे उनके  वजूद को ठेस पहुँचती है। इसे बर्दाश्त कर पाना बहुत ही मुश्किल होता है।  यह बात ट्विटर को समझा पाना मुश्किल है जिसकी नीतियां यूं तो जेंडर के प्रति उदासीन होकर चलने की वकालत करती हैं और वे इस संवेदनशीलता को समझ ही नहीं पाते । पत्रकार बरखा  ने ट्विटर सीईओ जैक डोरसी को सम्बोधित करते  हुए लिखा है  कि आपके लिए पुरुषों की निजता ज़्यादा ज़रूरी है एक महिला कि नहीं जिसे बलात्कार और हत्या की धमकी दी जा रही है और कहीं यह श्वेत महिला की तकलीफ होती तब भी आप ऐसा ही रवैया रखते।


 प्रियंका गांधी को जब देहयष्टि के दलदल में खींचा जाता है तो वह सिर्फ और सिर्फ़ ग़लीज़ मानसिकता को ही नग्न करता है। जिसका भाव होता है कि 56 इंच के सीने के आगे उनके स्त्री प्रतीक कोई मायने नहीं रखते। ज़ाहिर  है ऐसे गिरे हुए वक्तव्यों  के  कोई प्रतिउत्तर आपके पास नहीं हो सकते हैं ।  इसीलिए देह लगातार  निशाना बन रही है। राजस्थान की विधायक रही हैं  कमला। तत्कालीन सिंचाई मंत्री  ने उनके सवाल का जवाब भद्दे इशारे के साथ दिया था। मंत्री ने जंघा की ओर इशारा किया था कि यहाँ आकर बैठ जाओ। अब जब मंत्री ही इस सोच से मुक्त नहीं तो सोशल मीडिया पर तो  यूं भी राजनीतिक दलों के पिट्ठू तैनात हैं। यहाँ तो हमले सुनियोजित भी हैं। भंवरी देवी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता थीं। उच्च समाज का एक बालविवाह रुकवाया था उन्होंने ।https://likhdala.blogspot.com/2009/11/blog-post_18.html  
 उनके साथ सामूहिक बलात्कार हुआ।  जज का सवाल था कि ऊंची जाती के लोग निम्न जाती से बलात्कार कैसे कर सकते हैं। आज भी क्या बदला   है। स्त्री को अपमानित करने के लिए यही हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
क्या वक़्त नहीं आ गया है कि महिला स्वयं अपने शरीर को इस अपमान से मुक्त कर ले। यानी इसे तवज्जो ही न दी जाए। ऐसी घृणित हरकत  वही कर सकता है जो स्त्री की मौजूदगी इन्हीं अर्थों में देखता है। जब देह से जुड़ी टीका टिप्पणी को ही गंभीरता से नहीं लिया जाएगा तो वह खुद  बेअसर साबित होगी। एक बार फिर बड़ा और मज़बूत बन के स्त्री को ही आना होगा। अपनी देहयष्टि से परे एक दुनिया में । समानता की दुनिया में । ये दुष्ट और उनके समर्थक तब ही परास्त होंगे क्योंकि द्रोपदी की तरह प्रतिज्ञा लेने के लिए भी कृष्ण का होना ज़रूरी है जो द्वापर युग में संभव था। इस कलियुग में नए फैसले अपने दम पर ही लेने होंगे बिना कृष्ण का इंतज़ार किये।

P S : पुलवामा में सैनिकों की शहादत के बाद अगर जो ऐसा उन्माद पनपा है तो माफ़ कीजिए इसका देशभक्ति से कोई ताल्लुक नहीं हो सकता।





टिप्पणियाँ

  1. ब्लॉग बुलेटिन की दिनांक 24/02/2019 की बुलेटिन, " भारतीय माता-पिता की कुछ बातें - ब्लॉग बुलेटिन “ , में आप की पोस्ट को भी शामिल किया गया है ... सादर आभार !

    जवाब देंहटाएं
  2. जो हम सिखा पढ़ा रहे हैं वही उल्टा पा रहे हैं। लिखना जरूरी है।

    जवाब देंहटाएं
  3. आपने सही कहा। अक्सर इन विरोधियों के पास विरोध में गाली देने के सिवाय कुछ होता ही नहीं है। ये न तर्क सकते हैं न मुद्दों पर बात कर सकते है। बस गालियाँ देकर, यौनव शोषण करके ही खुद को बड़ा महसूस करवा सकते हैं। इसमें सबसे ज्यादा उदासीनता तो ट्विटर ने दिखलाई है। इन ट्रॉल्स का विरोध तो होना ही चाहिये।

    जवाब देंहटाएं

  4. जिस तरह से महिला पत्रकारों , सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिज्ञों को गालियां दी जा रही है ,लिंग की तस्वीरें भेजी जा रही हैं और उनकी देह की नापतौल की जा रही है वह भीतर तक घृणा और जुगुप्सा से भर देता है....आपने सही कहा।

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

वंदे मातरम्-यानी मां, तुझे सलाम

सौ रुपये में nude pose

एप्पल का वह हिस्सा जो कटा हुआ है